श्रीकांत शर्मा विशेष संवाददाता जिला दतिया ग्रामीण
–
दतिया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम उदगवां गांव में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े कीअध्यक्षता में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों पर जनसुनवाई की गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने 130 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनकल्याण शिविर के दौरान कलेक्टर श्री वानखड़े ने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए पीएचसी भवन को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।कलेक्टर ने सीएमएचओ को उप स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी प्वाइंट प्रारंभ करने तथा सीएचओ की पदस्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों, इसके लिए उप स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ की जाएं। नई पीएचसी भवन के पूर्ण होने के बाद इन सेवाओं को वहां स्थानांतरित किया जाएगा।जनकल्याण शिविर में उद्यम संवाद का आयोजन भी किया गया। इस दौरान दो हितग्राहियों को उद्यम स्थापना के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। राजपुर गांव के पवन यादव को टेंट मटेरियल उद्यम के लिए 2.75 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं तिरुपति बायोमास के नीरज कुशवाह को एमएसएमई पॉलिसी के अंतर्गत 40 प्रतिशत सब्सिडी का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।दोनों उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा उद्यमियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
शिविर के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण भी किया गया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

