श्रीकांत शर्मा विशेष संवाददाता जिला दतिया ग्रामीण दतिया। प्रेस क्लब के दीपावली मिलन समारोह के अंतर्गत दतिया के हनुमान गढ़ी मंदिर पर बैठक आयोजित की गई l बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के अलावा जिला व पुलिस अधिकारियों के व्यवहार पर भी विस्तार से चर्चा हुई । प्रेस क्लब अध्यक्ष अशोक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में संगठन की आगामी चुनाव प्रक्रिया की तारीख पर चर्चा के पश्चात जिले में पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली और शासकीय आयोजनों में पत्रकारों की उपेक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा के उपरांत पुलिस कप्तान मयूर खंडेलवाल और सेवड़ा एसडीओपी दिव्या सिंह के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किए गए।प्रेस क्लब के सदस्यों ने कहा कि जिले में आपराधिक घटनाएं और गंभीर वारदात होने पर कई बार जिम्मेदार पुलिस अधिकारी जानकारी देने के लिए उपलब्ध नहीं रहते। यहां तक कि अधिकारी फोन भी रिसीव नहीं करते। इससे पत्रकारों को समाचार संकलन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।इसलिए बैठक में संबंधित पुलिस अधीक्षक और एस डीओपी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि इस निंदा प्रस्ताव को प्रेस क्लब का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री व गृह मंत्री मोहन यादव के अलावा पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव व आई जी चंबल रेंज संबंधित को सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। एक अन्य प्रस्ताव में शासकीय आयोजनों में पत्रकारों को प्रॉपर तरीके से आमंत्रित नहीं किए जाने केवल व्हाट्स एप पर सूचना देने और समय पर वीडियो/ कवरेज उपलब्ध नहीं कराने का मुद्दा उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि अगर आगे से प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी पत्रकारों को व्यक्तिगत रूप से नहीं दी जाती और न ही उन्हें विधिवत आमंत्रण भेजे जाते हैं तो पत्रकार जिले के पत्रकार प्रशासन के समाचारों के कवरेज का बहिष्कार करेंगे और जिला प्रशासन द्वारा आहूत किसी भी बैठक में नहीं जाएंगे l प्रेस क्लब दतिया की बैठक में पारित प्रस्तावों के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा संगठन की एकजुटता के साथ इन मुद्दों पर आवाज उठाने का निर्णय लिया गया।


