श्रीकांत शर्मा विशेष संवाददाता जिला दतिया ग्रामीण
PRGI Registered Weekly Newspaper • Reg. No. MPHIN/25/A5119 Dismiss

श्रीकांत शर्मा विशेष संवाददाता जिला दतिया ग्रामीण
राजगढ़ चौराहे स्थित भैरव मंदिर के आसपास सड़क पर लगने वाले ठेले और सब्जी की दुकानों से आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका ने छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित करने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार दोपहर नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक अनुपम पाठक ने मौके की व्यवस्था की जानकारी दी।रिंग रोड पर नाले के किनारे नगर पालिका द्वारा बनाए गए डिब्बे रखे जा रहे हैं, जहां ठेला लगाकर व्यापार करने वाले छोटे व्यवसायियों को शिफ्ट किया जाएगा। वहीं सड़क किनारे सब्जी की डलिया लगाकर कारोबार करने वालों को भैरव मंदिर के पीछे खाली पड़ी जगह पर बैठाने की तैयारी है।ट्रैफिक प्रभारी हिमांशु तिवारी के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और सड़क से अतिक्रमण हटाने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बावजूद दोनों ओर दुकानें और सब्जी की डलियां लगने से यहां बार-बार जाम की स्थिति बनती है।स्थानीय लोगों के मुताबिक भैरव मंदिर के पीछे पहले पार्क हुआ करता था, जहां बच्चे खेलते थे। बाद में यहां बैंक को स्थानांतरित किया गया और धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ता गया। पार्क की जगह अब गंदगी और असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बनने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नगर पालिका अब सफाई कराकर इसी स्थान को व्यवस्थित रूप से सब्जी कारोबारियों के लिए उपयोग में लेने की तैयारी कर रही है।नगर पालिका की इस पहल से एक ओर सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर छोटे कारोबारियों को भी सड़क के बजाय व्यवस्थित स्थान पर व्यापार करने का मौका मिलेगा।