श्रीकांत शर्मा विशेष संवाददाता जिला दतिया ग्रामीण—
दतिया।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा नए पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन मंगलवार को किया गया।श्री झा द्वारा बताया गया कि संपूर्ण मध्य प्रदेश में आगामी 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को समस्त जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया संपादित करेंगे।विशेष अभियान के दौरान ऐसे नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया जाएगा। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 में अब पृथक से घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नहीं होगी।अभियान के दौरान विशेष रूप से उन युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर दिया जाएगा, जिन्होंने 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है। पात्र युवा निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहली बार मतदान करने के पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने में सुविधा होगी और वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन की भी सुविधा प्रदान की गई है। कोई भी मतदाताvoters.eci.gov.in पर अथवा ECINET mobile app पर जाकर अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।


