Niece Alleges Obscene Behavior by Maternal Uncle, Seeks Justice | SP Says — File an RTI and Seek the Investigation
दतिया|मध्य प्रदेश सरकार लगातार महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन दतिया से सामने आया एक मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
दतिया में एक युवती ने अपने ही मामा पर उसके साथ अभद्र एवं अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसने मामले में न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से लेकर जनसुनवाई तक लगातार आवेदन दिए, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिला।
आपको बताते चलें कि बीते महीनों में दतिया में यह मामला सामने आया था। सिद्धि विनायक अस्पताल के संचालक अतुल दीक्षित पर उनकी ही भांजी द्वारा अभद्र और अश्लील व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़िता का कहना है कि वह लगातार अधिकारियों के समक्ष आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रही है।
वहीं, इस मामले में 8 सितंबर को उस समय नया मोड़ आया, जब पीड़िता ने एक बार फिर पुलिस अधीक्षक के समक्ष आवेदन देकर अपनी शिकायत रखी।
पीड़िता के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में उसे RTI लगाने और जांच की जानकारी मांगने की बात कही।
अब सवाल यह है कि अगर कोई पीड़िता लगातार शिकायत देकर अपने साथ कथित गलत व्यवहार की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है, तो क्या उसे जांच की प्रक्रिया जानने के लिए RTI का सहारा लेना चाहिए, या पुलिस को शिकायत के आधार पर नियमानुसार जांच आगे बढ़ानी चाहिए?
सवाल इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि मध्य प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार लगातार अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करती रही है।
क्या इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर निष्पक्ष जांच होगी?
क्या पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी?
और सबसे बड़ा सवाल—न्याय की गुहार लगा रही इस बेटी की फरियाद आखिर कब सुनी जाएगी?
MBKS न्यूज़ नेटवर्क | मुद्दा बुंदेलखंड का समाचार

