सम्पादक लोकेश मिश्रा बुंदेली दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक पहली बार उपचुनाव के दौरान कांग्रेस के चुनावी मंच पर दिखाई दिए। रामनगर में आयोजित कांग्रेस की आमसभा में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मंच साझा करते हुए कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित किया तथा कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।उपचुनाव के लिए अवधेश नायक को कांग्रेस का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी नाराजगी की चर्चाएं लगातार राजनीतिक गलियारों में बनी हुई थीं। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उन्हें मनाने में जुटे रहे, वहीं भाजपा नेताओं द्वारा भी उनसे संपर्क साधने के प्रयास किए जाने की चर्चाएं थीं।
रामनगर की सभा में अवधेश नायक ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि भाजपा लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले अपने परिवार, समर्थकों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करने का निर्णय लिया था। अब सभी से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में खुलकर प्रचार करने का फैसला लिया है।आमसभा को संबोधित करते हुए अवधेश नायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया और मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को विजयी बनाने की अपील की।


Nice