लोकेश मिश्रा बुंदेली

दतिया।दतिया के कुआखेड़ा गांव में 57 वर्षीय किसान कोमल पाल की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। उनका शव बुधवार को गांव के ही विनय समाधिया के घर के बंद कमरे में मिला। परिजनों ने बताया कि शरीर पर कुल्हाड़ी के तीन वार के निशान हैं। इनमें दो वार गर्दन के पीछे और एक वार सिर के पास कान के नजदीक किया गया।परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 बजे कोमल पाल से उनके बड़े बेटे जीतू पाल ने फोन पर बात की थी। कोमल ने बताया था कि वे विनय समाधिया के घर बैठे हैं और कुछ देर में घर लौट आएंगे। रातभर घर नहीं लौटने पर बुधवार सुबह परिजन विनय के घर पहुंचे। यहां एक बंद कमरे में कोमल का शव खून से लथपथ मिला। घटना के बाद विनय समाधिया मौके से फरार था।ग्रामीणों के अनुसार, विनय नशे और जुए-सट्टे का आदी बताया जाता है। उसे घटना से पहले कार में तीन-चार लोगों के साथ गांव में घूमते हुए देखा गया था। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेज दिया है। एसडीओपी पीसी यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस विनय के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। अभी फुटेज सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है।

